Uncategorized

कर्मयोगी भारत अंतर्गत साधना सप्ताह की शुरुआत, सेवा गुणवत्ता और कार्यशैली सुधार पर जोर

धमतरी-कर्मयोगी भारत पहल के अंतर्गत जिले में 2 अप्रैल से 8 अप्रैल तक साधना सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार आज अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान कर्मयोगी भारत के उद्देश्यों पर विस्तृत परिचर्चा की गई और साधना सप्ताह का सामूहिक वाचन किया गया।
बैठक में आई-गॉट कर्मयोगी पोर्टल, पंजीकरण, लक्ष्य निर्धारण तथा प्रशासनिक कार्यों में दक्षता बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों और कर्मचारियों को शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए अपनी कार्यशैली में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित किया गया।
अपर कलेक्टर श्रीमती देवहारी ने कहा कि कर्मयोगी भारत का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की कार्यशैली में गुणात्मक सुधार लाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि साधना सप्ताह के माध्यम से आत्मचिंतन, पारदर्शिता, नवाचार और टीमवर्क को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे आम नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने बताया कि साधना सप्ताह के दौरान प्रत्येक दिन को एक विशेष विषय के साथ जोड़ा गया है, जिसमें उद्घाटन दिवस पर सामूहिक वाचन और उद्देश्यों पर चर्चा, आत्मचिंतन दिवस पर व्यक्तिगत कार्यशैली का आत्ममूल्यांकन, सेवा संकल्प दिवस पर नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवा देने का संकल्प, नवाचार दिवस पर कार्यप्रणाली में सुधार हेतु नए विचारों का आदान-प्रदान और डिजिटल साधनों के उपयोग पर कार्यशाला, पारदर्शिता दिवस पर प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और शिकायत निवारण तंत्र की समीक्षा, सहयोग दिवस पर टीम भावना और विभागीय समन्वय को प्रोत्साहित करने तथा समापन दिवस पर सप्ताह भर की गतिविधियों का प्रतिवेदन और अनुभव साझा किया जाएगा।
कार्यक्रम में राजस्व निरीक्षक श्री दीपचंद भारती एवं सहायक अधीक्षक श्री गोस्वामी ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और जिम्मेदारीपूर्वक दायित्व निभाने की समझाइश दी। साधना सप्ताह के माध्यम से जिले में प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और नागरिक केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!