प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षो का कार्यकाल देश की कार्य संस्कृति, विकास की गति और वैश्विक पहचान को नई दिशा देने का दौर रहा – इंदर चोपड़ा

धमतरी। धमतरी के पूर्व विधायक इंदर चोपड़ा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल को भारत के लिए परिवर्तनकारी काल बताते हुए कहा कि यह केवल सरकार चलाने का समय नहीं था, बल्कि देश की कार्य संस्कृति, विकास की गति और वैश्विक पहचान को नई दिशा देने का दौर रहा है। इंदर चोपड़ा ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद भारत ने गरीब कल्याण, डिजिटल क्रांति, आधारभूत संरचना, आत्मनिर्भरता और वैश्विक नेतृत्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। जनधन, आयुष्मान भारत, पीएम आवास, जल जीवन मिशन और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने गांव, गरीब और मध्यम वर्ग के जीवन में बड़ा बदलाव लाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि पहले विकास की चर्चा केवल घोषणाओं तक सीमित रहती थी, लेकिन आज एक्सप्रेस-वे, रेलवे आधुनिकीकरण, नए एयरपोर्ट, डिजिटल भुगतान व्यवस्था और स्टार्टअप संस्कृति देश की नई पहचान बन चुके हैं। भारत आज विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। पूर्व विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया के सामने आत्मविश्वास से अपनी बात रखने की क्षमता विकसित की है। जी-20 की सफल मेजबानी से लेकर वैश्विक मंचों पर भारत की बढ़ती भूमिका इसका प्रमाण है। इंदर चोपड़ा ने कहा, मोदी के 12 साल केवल बेमिसाल नहीं, बल्कि भारत के नव निर्माण की मजबूत नींव के साल हैं। आने वाले वर्षों में विकसित भारत का सपना इन्हीं उपलब्धियों के आधार पर साकार होगा।