Uncategorized

महापौर रामू रोहरा के प्रयास से जालमपुर को मिली 1.45 करोड़ की सौगात, बनेगा ओवरहेड टैंक,जल सुविधा होगी और बेहतर

धमतरी में भी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है- रामू रोहरा


धमतरी। नगर निगम क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जालमपुर क्षेत्र में 1.45 करोड़ रुपए की लागत से नए ओवरहेड टैंक के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। इस टैंक के निर्माण से क्षेत्र में जलापूर्ति की क्षमता बढ़ेगी और लोगों को पर्याप्त एवं सुचारू पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। नगर निगम के जल विभाग द्वारा जालमपुर में ओवरहेड टैंक निर्माण की आवश्यकता को देखते हुए प्रस्ताव तैयार कर महापौर रामू रोहरा को सौंपा गया था। महापौर ने प्रस्ताव को प्राथमिकता देते हुए शासन स्तर पर इसके लिए प्रयास किए, जिसके बाद 1.45 करोड़ रुपए की राशि से ओवरहेड टैंक निर्माण को स्वीकृति मिली है। महापौर रामू रोहरा ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उपमुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर निगम क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। जालमपुर में ओवरहेड टैंक बनने से क्षेत्र की जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और आने वाले समय में बढ़ती आबादी एवं पानी की जरूरतों को पूरा करने में भी सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में जहां भी पेयजल से संबंधित समस्याएं सामने आ रही हैं, वहां आवश्यकतानुसार नई संरचनाओं के निर्माण एवं मौजूदा व्यवस्था के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
विकास के साथ स्वच्छता पर भी फोकस, 2.55 करोड़ की आधुनिक मशीनों से होगा कचरा निष्पादन
नगर निगम धमतरी विकास कार्यों के साथ-साथ शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी विशेष ध्यान दे रहा है। शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से निगम द्वारा 2.55 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक मशीनों की खरीदी की जाएगी। इन मशीनों के माध्यम से कचरा निष्पादन एवं सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। शहर में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप और उससे होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए निगम द्वारा 10 नई फॉगिंग मशीनें भी खरीदी जाएंगी। इससे विभिन्न वार्डों में नियमित रूप से फॉगिंग कर मच्छरों के लार्वा एवं प्रकोप को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। महापौर रामू रोहरा ने बताया कि नगर निगम की प्राथमिकता केवल सड़क, नाली, पानी और अन्य विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना भी निगम की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से सफाई व्यवस्था में आधुनिक तकनीक और मशीनरी का इस्तेमाल बढ़ाया जा रहा है। महापौर ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय उपमुख्यमंत्री अरूण साव के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!