Uncategorized

नशे से दूर रहकर युवा बनें विकास की ताकत : कलेक्टर अबिनाश मिश्रा

विद्यार्थियों से संवाद कर कलेक्टर ने समझाए नशे के दुष्परिणाम, दिलाई नशामुक्ति की शपथ


धमतरी। नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के तहत शुक्रवार को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हटकेशर में जिला प्रशासन एवं मेरा युवा भारत धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए नशे से दूर रहने, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा अपने साथियों और समाज को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। नशा इस शक्ति को कमजोर करता है और व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार तथा पूरे समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित करें और अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, कला, नवाचार, कौशल विकास तथा रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं। जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधुलिका तिवारी ने विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने नशामुक्ति पर आधारित प्रभावी नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। जिला युवा अधिकारी श्रीमती श्रुति डोंगरे ने मेरा युवा भारत द्वारा जिले में संचालित नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान की गतिविधियों एवं उद्देश्यों की जानकारी दी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!