रुद्री के रुद्रेश्वर घाट में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे, सावन के अंतिम सोमवार को महाआरती में शामिल हुए विधायक ओंकार साहू

धमतरी। पवित्र सावन माह के चौथे और अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर रुद्री स्थित रुद्रेश्वर घाट (महानदी तट) में भव्य ‘गंगा महाआरती का आयोजन श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस भक्तिमय आयोजन में धमतरी विधायक ओंकार साहू विशेष रूप से शामिल हुए और महानदी (गंगा) मैया की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। सावन के अंतिम सोमवार को लेकर सुबह से ही रुद्रेश्वर महादेव मंदिर और घाट पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। शाम को बनारस की तर्ज पर जब पंडितों व आचार्यों द्वारा शंखनाद, डमरू की ध्वनि और मंत्रोच्चार के साथ महाआरती शुरू हुई, तो पूरा घाट ‘हर-हर महादेव और ‘जय गंगा मैयाÓ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। दीपों की रोशनी से रुद्रेश्वर घाट की छटा देखते ही बन रही थी। विधायक ओंकार साहू ने भी जनसमूह के साथ आरती में भाग लिया और दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने महानदी में दीपदान किया और महाआरती का अलौकिक दृश्य देखकर शिव भक्ति के रस में सराबोर दिखे। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा और सुविधा के भी विशेष इंतजाम किए गए थे।