कुरूद गणेश विसर्जन झांकियों में भव्य सजावट, धार्मिक प्रस्तुति के साथ समाज और संस्कृति से जुड़े विषयों को दी गई प्राथमिकता
पुराना बाजार चौक में बोल बम सेवा समिति और आजाद हिंदू युवा मंच के साथ नपा अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर ने झांकियों पर की पुष्पवर्षा

धमतरी। कुरुद में शनिवार मध्यरात्रि से शुरू हुआ गणेश विसर्जन झांकियों का सिलसिला रविवार देर सुबह तक चलता रहा। शहर की सड़कों पर एक के बाद एक करीब 19 भव्य झांकियां निकलीं। जिन्हें देखने के लिए नगर और क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। धुमाल की गूंजती थाप, डीजे की तेज धमक, आकर्षक बैकग्राउंड, रंग-बिरंगी लाइटों की जगमगाहट, फूलों की झालरों और पुष्पवर्षा से सजी झांकियों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। हर झांकी में अलग विषय और प्रस्तुति देखने को मिली, जिसने लोगों को देर रात तक अपने साथ जोड़े रखा। इस बार गणेश विसर्जन की झांकियों में केवल भव्य सजावट और धार्मिक प्रस्तुति ही नहीं, बल्कि समाज और संस्कृति से जुड़े विषयों को भी प्रमुखता दी गई। नक्सलियों के पुनर्वास पर आधारित झांकी ने हिंसा से दूर होकर समाज की मुख्यधारा से जुडऩे का संदेश सामने रखा। वहीं बस्तर की संस्कृति ने छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई। कारगिल चौक से निकली आंगा देवता की झांकी ने स्थानीय लोक आस्था और परंपरा को दर्शाया। इन प्रस्तुतियों ने यह दिखाया कि उत्सव के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों को भी लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। झांकियों में पौराणिक कथाओं और धार्मिक प्रसंगों को भी आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। बाली-सुग्रीव युद्ध, नवगुंजरा के नौ अंगों का प्रतीकात्मक अर्थ और वीर बर्बरीक द्वारा भगवान श्रीकृष्ण को अपना शीश दान करने का प्रसंग लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। पुराना बाजार चौक में बोल बम सेवा समिति और आजाद हिंदू युवा मंच के साथ नपा अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर ने झांकियों पर पुष्पवर्षा कर किया। बोल बम सेवा समिति के अध्यक्ष भानु चंद्राकर, खिल्लू देवांगन, किशोर यादव, थानेश्वर तारक, कमल शर्मा, केशव चंद्राकर, भाजयुमो नेता अनुराग चंद्राकर, भूपेंद्र सिन्हा, करण नाग की सहभागिता रही। नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर ने गणेश उत्सव समितियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। विसर्जन झांकियों के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। एसडीओपी रागिनी मिश्रा और थाना प्रभारी कमलेश ठाकुर की अगुवाई में पुलिस बल ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

