बीच सड़क गड्ढे से हादसे का खतरा, मूर्तिकार ने बनाया लकड़ी का सुरक्षा ढांचा

धमतरी। तेलीनसत्ती गांव में सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब होने के कारण यहां से गुजरने वाले मोटरसाइकिल सवारों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों के कारण आए दिन वाहन अनियंत्रित होने और दुर्घटना होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसके बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। बताया जा रहा है कि सड़क पर कई स्थानों पर गहरे गड्ढे हो गए हैं। बारिश के बाद इनमें पानी भर जाने से इनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है। दिन के समय तो वाहन चालक किसी तरह बचकर निकल जाते हैं, लेकिन रात के समय स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है। पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण अचानक सामने आए गड्ढे में वाहन का पहिया चले जाने से चालक का संतुलन बिगडऩे की आशंका बनी रहती है। सड़क की इस स्थिति को देखते हुए गांव के एक मूर्तिकार ने लोगों की सुरक्षा के लिए अनूठी पहल की। उन्होंने गड्ढे के आसपास लकड़ी का एक ढांचा तैयार किया और उसे लाल कपड़े से ढक दिया, ताकि दूर से ही वाहन चालकों को खतरे का संकेत मिल सके।