Uncategorized

लक्ष्य साहू के परिवार के साथ खड़ा हुआ निगम, महापौर रामू रोहरा ने सौंपा 4 लाख का सहायता चेक

छलक उठे आँसू—एक मां की पीड़ा देख भावुक हुए महापौर

मुख्यमंत्री के निर्देश पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित हुई

महापौर बोले—जनता के सुख-दुःख में साथ खड़ा रहना ही जनप्रतिनिधि का धर्म, संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के दिए निर्देश

धमतरी। सोरिद वार्ड निवासी लक्ष्य साहू की नाले में डूबने से हुई आकस्मिक मृत्यु से क्षेत्र में शोक की लहर है। इस दुखद घटना के बाद महापौर जगदीश रामू रोहरा ने संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित परिवार से मुलाकात की और चार लाख रुपए की सहायता राशि का चेक दिवंगत लक्ष्य साहू के पिता गौतम साहू एवं माता धनेश्वरी साहू को सौंपा।

महापौर ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि बेटे को खोने का दर्द शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। यह परिवार की अपूरणीय क्षति है। संकट की इस घड़ी में परिवार स्वयं को अकेला न समझे, नगर निगम परिवार पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा है।

महापौर रामू रोहरा ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है। जनता के सुख-दुःख में साथ खड़ा होना भी हमारी जिम्मेदारी है। लक्ष्य साहू के परिवार पर आई विपदा में नगर निगम हर संभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि जनता ने हमें सेवा का अवसर दिया है और इस जिम्मेदारी को पूरी संवेदनशीलता के साथ निभाना हमारा कर्तव्य है। महापौर ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश

घटना को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने संबंधित अधिकारियों से क्षेत्र की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने नालों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों को चिन्हांकित कर वहां सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम,चेतावनी संकेत एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महापौर ने स्पष्ट कहा कि शहर के विकास के साथ नागरिकों की सुरक्षा भी निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी संवेदनशील स्थान पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।इस अवसर पर नगर निगम के जनप्रतिनिधि,अधिकारी- कर्मचारी एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!