डूबान प्रभावित क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित
एक दिन, कई अनुभव: गंगरेल के विद्यार्थियों के लिए यादगार शैक्षणिक यात्रा

डूब क्षेत्र के बच्चों ने जाना विज्ञान, कौशल और प्रशासन का संसार, अपने अनुभव किये साझा
बच्चों ने कलेक्टर का आभार प्रकट किया
धमतरी- कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की पहल पर डुबान प्रभावित क्षेत्रों के ग्राम पंचायत अरौद बारबांध, उरपुटी और पहरियाकोना स्कूल के विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, क्षमता निर्माण एवं व्यावहारिक ज्ञानवर्धन के उद्देश्य से आज एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इनमें स्कूलों की 30 बालिकाएं व 10 बालक शामिल थे।
इस अभिनव पहल के अंतर्गत ग्राम हरफर एवं ग्राम गंगरेल के विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक, तकनीकी एवं संस्थागत स्थलों का भ्रमण कराया गया, जिससे उन्हें पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक अनुभव प्राप्त हो सके।
भ्रमण कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9 बजे ग्राम हरफर से हुई। इसके पश्चात ग्राम गंगरेल में विद्यार्थियों को बोट के माध्यम से गंगरेल डेम का भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें डेम के निर्माण, जल प्रबंधन, सिंचाई व्यवस्था तथा इसके क्षेत्रीय महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई, जिससे उनके ज्ञान में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
इसके उपरांत विद्यार्थियों ने गंगरेल स्थित साइंस पार्क का अवलोकन किया, जहाँ विज्ञान के विभिन्न सिद्धांतों को सरल, रोचक एवं प्रयोगात्मक तरीके से समझने का अवसर मिला। इसके बाद कोलियारी स्थित मधुरिमा स्किल सेंटर में कौशल विकास से संबंधित गतिविधियों की जानकारी दी गई, जिससे विद्यार्थियों में रोजगारपरक सोच एवं आत्मनिर्भरता की भावना को प्रोत्साहन मिला।
दोपहर में लाइवलीहुड कॉलेज के भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न ट्रेड्स, व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं करियर के अवसरों की जानकारी दी गई। तत्पश्चात बैंक ऑफ बड़ौदा आर-सेटी में स्वरोजगार, उद्यमिता विकास एवं वित्तीय साक्षरता से जुड़े प्रशिक्षणों के बारे में अवगत कराया गया, जिससे विद्यार्थियों को भविष्य में आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा मिली।भ्रमण के अंतिम चरण में अपराह्न कलेक्ट्रेट कार्यालय का दौरा कराया गया, जहाँ विद्यार्थियों को प्रशासनिक कार्यप्रणाली, विभिन्न विभागों की भूमिका एवं जनसेवा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहरी ने कलेक्टर सभाकक्ष में इन स्कूली बच्चों से आत्मीय चर्चा कर उनसे अनुभव पूछे। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके प्रश्नों के समाधान भी किए गए, जिससे उनमें प्रशासन के प्रति समझ एवं जागरूकता विकसित हुई।
देवेंद्र कुमार नेताम,वंदना मंडावी,विद्या यादव और नितेश कोर्राम ने अपने अनुभव साझा किए । आज भ्रमण के अनुभव बताए । बच्चों ने बताया कि इससे पहले साइंस पार्क, लाइवलीहुड कॉलेज आदि देखे और विभिन्न ट्रेड्स, व्यावसायिक प्रशिक्षण आदि की जानकारी मिली । गंगरेल में बोटिंग का आनंद लिया खूब मजा भी किया । इसके लिए उन्होंने कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा का आभार प्रकट किया ।
हाल ही में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने डुबान प्रभावित उरपुटी में ग्रामीणों के बीच पहुंचे गंगरेल डुबान क्षेत्रों का दौरा किया था |ग्रामीणों की बैठक लेकर उनसे संवाद किया और उनकी समस्याओं का समाधान भी किया । कलेक्टर ने डुबान क्षेत्र के लोगों के लिए वाटर एम्बुलेंस भी शुरू की । इसके अलावा उन्होंने डुबान प्रभावित दूरस्थ क्षेत्रों के ग्रामीणों को बड़ी राहत देते हुए राजस्व प्रकरणों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए लिंक कोर्ट सुविधा प्रारंभ करने की घोषणा की थी ।
यह निर्णय 3 अप्रैल को किए गए क्षेत्रीय दौरे के दौरान ग्राम अकलाडोंगरी में ग्रामीणों से सीधे संवाद के बाद लिया गया| लिंक कोर्ट सुविधा अकलाडोंगरी में प्रत्येक शुक्रवार और विकासखंड नगरी (तहसील बेलरगांव) ग्राम पंचायत भवन बोरई में प्रत्येक गुरुवार को लगेगा । इसके आदेश भी जारी कर दिए है ।
भ्रमण कार्यक्रम का समापन सायं कलेक्ट्रेट से हरफर वापसी के साथ हुआ। इस शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों में न केवल ज्ञानवृद्धि हुई, बल्कि उनके भीतर आत्मविश्वास, जागरूकता एवं भविष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण का भी विकास हुआ।यह पहल डूब प्रभावित क्षेत्रों के बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय कदम सिद्ध हो रही है।
