मुजगहन बायपास ओवरब्रिज अब होगा प्रकाशमय: सरपंच एवं जनपद सदस्य की मांग पर महापौर ने दी सौगात, कार्य हुआ शुरू

धमतरी। जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 15 मुजगहन के अंतर्गत नेशनल हाईवे बायपास ओवरब्रिज पर व्याप्त घने अंधेरे की समस्या का समाधान अब होने जा रहा है। अंधेरे के कारण आवागमन में हो रही भारी असुविधा और संभावित आपराधिक घटनाओं की आशंका को देखते हुए ग्राम पंचायत मुजगहन के सरपंच होमेश्वर साहू एवं क्षेत्र के जनपद सदस्य कीर्तन मीनपाल ने धमतरी नगर निगम के महापौर जगदीश रामू रोहरा से सोलर लाइट की तत्काल व्यवस्था करने की पुरजोर मांग की थी। जिसे रामू रोहरा ने अत्यंत गंभीरता से लिया और संबंधित विभाग को तत्काल प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महापौर की त्वरित पहल के बाद अब संबंधित विभाग द्वारा बायपास ओवरब्रिज के पास सोलर लाइट लगाने का कार्य युद्ध स्तर पर प्रारंभ कर दिया गया है। कार्य की प्रगति का जायजा लेने के लिए महापौर जगदीश रामू रोहरा,सरपंच होमेश्वर साहू एवं जनपद सदस्य कीर्तन मीनपाल ने स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
